सूने मकान में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, छह आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। हॉस्पिटल कॉलोनी स्थित एक सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बसंतपुर थाना व सायबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में चार पुरुष व दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

चोरी का शिकार बना जान-पहचान वाला परिवार
प्रार्थी धीरज कन्नौजिया ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जून 2025 को जब वह ड्यूटी पर गया हुआ था, उसी दौरान अज्ञात चोरों ने उसके घर का ताला तोड़कर लगभग ₹1.50 लाख नकद व ₹2.50 लाख के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

साजिश में शामिल रहीं महिलाएं, रेकी कर जुटाई जानकारी
पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी की योजना घर की परिचित महिला आरोपियों द्वारा रची गई थी। उन्होंने कई महीनों तक घर की रेकी कर यह जानकारी इकट्ठा की कि घर के सदस्य किस समय मौजूद रहते हैं और कब बाहर जाते हैं। इसके बाद उन्होंने अपने साथियों को चोरी की योजना में शामिल किया।

फुटेज ने खोले राज, 24 घंटे में पकड़े गए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र नायक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू व सायबर सेल प्रभारी विनय परमार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने घटना स्थल के आसपास 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और आरोपियों के हुलिए, वाहनों और रूट की पहचान की। इसके आधार पर देवव्रत यादव, तिलक साहू, देवानंद देशलहरे, लिलेश यादव, श्रीमती जानकी सुमन उर्फ ज्योति व श्रीमती हीरा बंजारा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी ने अपराध स्वीकार कर लिया।

ऐसे रचा गया था प्लान
महिला आरोपियों ने योजना के तहत अपने परिचित देवानंद देशलहरे को प्रार्थी के घर में चोरी करने कहा। फिर देवानंद ने लिलेश यादव, देवव्रत यादव और तिलक साहू को जोड़ा। सभी आरोपी 17 जून को रानीसागर तालाब के पास एकत्र हुए। महिला आरोपियों ने देवव्रत को लेकर घर दिखाया, फिर देवव्रत व तिलक चोरी की घटना को अंजाम देने घर पहुंचे। दोनों ने ताला तोड़कर लॉकर से नकदी और जेवर चुरा लिए।

इसके बाद सभी आरोपी वापस तालाब के पास मिले और वहां से गुंडरदेही की ओर निकल गए। सुनसान स्थान पर बैठकर गहनों को छांटा और असली जेवरात आपस में बांट लिए।

घटना में प्रयुक्त औजार भी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, नकद रकम, घटना में प्रयुक्त हथौड़ी व पेचकस बरामद कर लिया है।

जांच में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक एमन साहू, प्रभारी विनय परमार, सहा. उपनिरीक्षक द्वारिका लावतरे, मनमोहन साहू, उपनिरीक्षक सताऊ नेताम, प्रधान आरक्षक बसंत राव, राजेश परिहार, आरक्षक अविनाश झा, रूपेंद्र वर्मा, अतहर अली, परवेश वर्मा, हेमंत साहू, आदित्य सिंह राजपूत व पार्वती कवर की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों को खाली छोड़ते समय सुरक्षा के उपाय अवश्य अपनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!