कलेक्टर ने शासकीय कर्मचारियों को आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग छत्तीसगढ़ द्वारा नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन की घोषणा के साथ जिले के संपूर्ण क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील कर दी गई है। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने सभी अधिकारियों को आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी शासकीय कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर कार्यालय, जिला पंचायत, तहसील कार्यालय एवं चिन्हांकित कलस्टर स्तर पर नाम निर्देशन पत्र जमा करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने आदर्श आचरण संहित के अनुरूप ही कार्यालयों में कार्य संपादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित कार्यों में विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने निर्वाचन प्रशिक्षण के लिए शेड्यूल बनाकर तिथि निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नये कार्यों को शुरू नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी शासकीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश के अनुरूप आयोजन की तैयारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम खेमलाल वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!