विद्युत विभाग द्वारा पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य शुरू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। विद्युत विभाग द्वारा हर साल की तरह इस साल भी बरसात के मौसम में बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न हो, इस उद्देश्य से पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य किया जा रहा है। बारिश के दौरान पेड़ों की शाखाएं बिजली लाइनों से टकराने और दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

विद्युत विभाग के ईई आरके गोस्वामी ने बताया, “हर साल बरसात से पहले पेड़ों की छंटाई की जाती है ताकि बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से चल सके। बारिश के कारण पेड़ों की शाखाएं बढ़ जाती हैं और बिजली के तारों के संपर्क में आने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसको ध्यान में रखते हुए पेड़ों की कटाई-छंटाई का कार्य चल रहा है।”

इसके साथ ही, नगर निगम कर्मचारी भी इस अभियान में सहयोग दे रहे हैं। पेड़ों की शाखाओं को सड़क पर गिरने से यातायात में किसी प्रकार की रुकावट न हो, इसके लिए निगम कर्मचारी सड़कों से शाखाओं को साफ कर रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सड़कें साफ-सुथरी रहें और आम जनजीवन पर कोई प्रभाव न पड़े।

नगर निगम और विद्युत विभाग के इस सामूहिक प्रयास से राजनांदगांव की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने का कार्य जारी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :