राजनांदगांव
रविवार को राजनांदगांव में करवा चौथ का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखकर करवा चौथ की पूजा की। दिनभर उपवास रखने के बाद रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत तोड़ा गया।
महिलाओं ने सोलह श्रृंगार करके पारंपरिक परिधान धारण किए और मंदिरों में पूजा अर्चना की। इस पर्व के दौरान महिलाओं ने अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए विधिवत रूप से करवा चौथ की पूजा संपन्न की।
राजनांदगांव में स्थित प्रसिद्ध जलाराम मंदिर में करवा चौथ की पूजा कई वर्षों से चली आ रही है। यहाँ महिलाएं बड़ी उत्साह और खुशी के साथ इस पर्व में हिस्सा लेती हैं। सज-धज कर सुहागिनें अपने पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। मंदिर में होने वाले इस विशेष आयोजन में हर वर्ष बड़ी संख्या में महिलाएं भाग लेकर अपनी श्रद्धा प्रकट करती हैं।
शहर के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी करवा चौथ के अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। घरों में भी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा कर अपनी आस्था प्रकट की। पूजा के दौरान करवा चौथ की कथा सुनी गई और सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन किए गए।
पूजा के बाद चंद्रमा को देखने के लिए महिलाओं ने बड़ी उत्सुकता से इंतजार किया और चंद्रदर्शन के बाद व्रत तोड़ा। इस पर्व में महिलाओं की आस्था और पति के प्रति समर्पण की झलक देखने को मिली।








