राजनांदगांव। लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में राज्यपाल रमेन डेका ने प्रदेशभर से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित समारोह में राजनांदगांव जिले के वर्ष 2025 में सफल 30 स्काउट, गाइड और रोवर को भी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का आदर्श वाक्य ‘तैयार रहो’ विषम परिस्थितियों का सामना करने और जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। सभी प्रतिभागी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान दें और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग के नियम और प्रतिज्ञाएं सदस्यों को विशिष्ट पहचान देते हैं। स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। इससे जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा के भाव के साथ कार्य करता है। राज्यपाल के हाथों मिला सम्मान प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है और उन्हें आगे भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में प्रदेशभर से चयनित 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान किए गए। स्वागत भाषण में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने कहा कि पिछले एक वर्ष में छत्तीसगढ़ ने स्काउटिंग के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।
राजनांदगांव जिले से सम्मानित होने वालों में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगांव के राहुल साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला स्टेशन मुढ़ीपार की स्काउट दुर्गेश्वरी साहू और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बागनदी डोंगरगढ़ के केशव कुमार शामिल रहे। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला हरदुवा के जिला दल प्रभारी रमेश दास साहू ने प्रतिनिधि दल की ओर से प्रमाण पत्र प्राप्त किया।
स्काउटिंग के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए एएलटी स्काउट विनोद कुमार हथेल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। इसमें लोकभवन में पदस्थ एडीसी उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना और स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा राज्य उपाध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा, राज्य सचिव अमित कुमार क्षत्रिय, जिला मुख्य आयुक्त महेश खंडेलवाल, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडे, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) मयूख श्रीवास्तव, जिला सचिव देवेंद्र अम्बादे और विकासखंड सचिव राजनांदगांव तिलेश्वर बघेल सहित अन्य पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।





