बिरयानी सेंटरों में जांच की कार्रवाई जारी, संयुक्त टीम ने नंदई रोड के बिरयानी सेंटरों की जांच कर 3 सिलेंडर किए जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अतिक्रमण कर एवं अवैध रूप से मांस-मटन का विक्रय करने वालों के विरुद्ध नगर निगम, खाद्य तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम नंदई रोड स्थित बिरयानी सेंटरों में टीम ने दबिश देकर जांच की और घरेलू सिलेंडरों की जब्ती बनाई। वहीं सुबह महापौर मधुसूदन यादव ने नंदई वार्ड भ्रमण के दौरान मटन मार्केट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मटन मार्केट में लगेगा इंसिनेरेटर सिस्टम
महापौर मधुसूदन यादव ने सुबह निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम एवं निगम अधिकारियों के साथ नंदई क्षेत्र में साफ-सफाई का जायजा लिया। आगामी दीपावली त्योहार को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हाट बाजार, मटन मार्केट सहित पूरे नंदई क्षेत्र में सुचारू रूप से सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय रहवासियों ने शिकायत की कि मटन मार्केट से निकलने वाले मांस के अवशेषों को पक्षी (चील-गिद्ध) और जानवर घरों के आसपास फेंक देते हैं, जिससे भारी गंदगी फैलती है। इस पर महापौर ने अधिकारियों से कहा कि मटन मार्केट की व्यवस्था तुरंत दुरुस्त की जाए और मांस अपशिष्ट को मौके पर ही नष्ट करने के लिए इंसिनेरेटर सिस्टम लगाया जाए।

स्वच्छ भारत मिशन के प्रभारी अधिकारी व कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे ने बताया कि इंसिनेरेटर सिस्टम लगाने के लिए निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। यह सिस्टम लगने के बाद प्रति घंटे 100 किलोग्राम तक मांस अपशिष्ट को मौके पर ही जलाकर नष्ट किया जा सकेगा। महापौर ने इसे प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पड़ा भारी, 3 सिलेंडर जब्त
अवैध रूप से मांस विक्रय करने वाले होटल, दुकानों व ठेलों पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार शाम नगर निगम, खाद्य, खाद्य एवं औषधि तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने नंदई के बिरयानी सेंटरों में दबिश दी।

जांच के दौरान टीम ने लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति, साफ-सफाई और उपयोग किए जा रहे सिलेंडरों की पड़ताल की। इस दौरान ढीमर चिकन सेंटर, के.जी.एन. चिकन सेंटर और लक्की चिकन सेंटर में व्यावसायिक उपयोग के स्थान पर घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल करते पाया गया, जिस पर कार्रवाई करते हुए कुल 3 सिलेंडर जब्त किए गए।

इसके अलावा अंसारी चिकन और अल जमजम बिरयानी सेंटर सहित अन्य दुकानों की भी जांच की गई। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने चिकन-बिरयानी के सैंपल एकत्र किए और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की गहन पड़ताल की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना फूड लाइसेंस, असुरक्षित सफाई व्यवस्था और अवैध मांस विक्रय करने वालों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!