राजनांदगांव। शहर के गोल बाजार स्थित मटन एवं मछली मार्केट को तत्काल बंद करने की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला राजनांदगांव द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को राजगामी संपदा के तहसीलदार एवं व्यवस्थापक को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में संगठन ने उल्लेख किया कि राजगामी संपदा के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गोल बाजार में मटन एवं मछली की दुकानें संचालित हो रही हैं। संगठन ने गौरी नगर में गोहत्या की घटना के बाद गौमांस की बिक्री इस मार्केट से होने की आशंका जताते हुए संबंधित बाजार को पूर्ण रूप से बंद करने की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा गोल बाजार के मटन एवं मछली मार्केट को बंद किया जाए।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि तीन दिनों के भीतर उचित कार्रवाई कर मार्केट को बंद नहीं किया गया, तो विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं सर्व हिंदू समाज द्वारा आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने यह भी कहा कि आंदोलन के दौरान किसी प्रकार की जन-धन की हानि होती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन.प्रशासन की होगी।
संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बना रहे।





