विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में ऊर्जा विभाग के मुद्दों पर हुई अहम बैठक, किसानों और उद्यमियों को राहत देने पर जोर

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों व उद्यमियों की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित स्पीकर हाउस में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के साथ पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ऊर्जा विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक कार्ययोजना और त्वरित क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बैठक में किसानों को कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वर्तमान में उद्यमियों को आ रही विद्युत संबंधी परेशानियों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया। इन विषयों पर आगे की कार्रवाई के लिए सोमवार को ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समाधान बैठक निर्धारित की गई है। इसमें राजनांदगांव के अधिकारियों को भी उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत विभाग का एक अतिरिक्त संभाग बनाने की योजना
राजनांदगांव विद्युत मंडल संभाग में एक अतिरिक्त संभाग स्थापित करने का प्रस्ताव भी प्रमुखता से सामने आया। इसके माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के साथ आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं का विस्तार करने की योजना है, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
तीन नए विद्युत उपकेंद्रों के कार्यों में तेजी लाने पर जोर
राजनांदगांव जिले में प्रस्तावित 220/132 केवी उपकेंद्र, ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किए जाने वाले 132/33 केवी उपकेंद्र तथा शहर के भीतर प्रस्तावित 33/11 केवी उपकेंद्र के कार्यों को गति देने पर चर्चा हुई। इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को अगले वर्ष तक शुरू करने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे जिले की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने और भविष्य में विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों का होगा उन्नयन
बैठक में शहरी विद्युतीकरण योजना के विस्तार पर भी जोर दिया गया। इसके तहत राजनांदगांव के ट्रांसफार्मरों का नियमित संधारण, आवश्यकता के अनुसार उनकी क्षमता बढ़ाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत लाइनों के कंडक्टरों का क्षमता के अनुरूप उन्नयन करने की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। इसका उद्देश्य भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बिजली आपूर्ति व्यवस्था तैयार करना है।
12 महीने में बेहतर विद्युत व्यवस्था बनाने का लक्ष्य
बैठक में यह संकल्प व्यक्त किया गया कि आगामी 12 महीनों में राजनांदगांव की विद्युत वितरण व्यवस्था को उत्कृष्ट मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार, तकनीकी सुधार और अधिकारियों के समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन और प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति पर आगे की कार्रवाई ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ होने वाली बैठक में तय की जाएगी।
रुपचंद भीमनानी
विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि, राजनांदगांव
छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी मर्यादित / ऊर्जा विभाग / क्रेडा


