नवाचारी शिक्षण व विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षिका चित्रा साहू ‘गुरु गौरव सम्मान’ से अलंकृत

अपने दोस्तों को शेयर करें :

बालोद। शिक्षा में नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को राज्य स्तर पर पहचान मिली है। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोलिहा, विकासखंड सिमगा की शिक्षिका चित्रा साहू को गुरु गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। दर्शन बालोद मीडिया संस्थान एवं एनटीसीएफ की पहल पर आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।

सम्मान-पत्र में शिक्षा के प्रति समर्पण, विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता, नवाचारी प्रयासों और समाज निर्माण में योगदान के लिए उनकी सराहना की गई। चित्रा साहू विद्यार्थियों को केंद्र में रखकर रचनात्मक और नवाचारी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण को रोचक बनाने का प्रयास कर रही हैं। विद्यालय में आर्ट एंड क्राफ्ट, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता सहित विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच दिया जा रहा है।

सम्मान को बताया नई ऊर्जा देने वाला

सम्मान मिलने पर चित्रा साहू ने दर्शन बालोद की टीम और एनटीसीएफ के सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल प्रमाण-पत्र नहीं, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को मिली पहचान है। इससे भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

उन्होंने समारोह की व्यवस्थाओं और शिक्षकों के प्रति आयोजकों के आत्मीय व्यवहार की भी सराहना की। उनके अनुसार पूरे कार्यक्रम में शिक्षकों को सम्मान और अपनापन दिया गया।

बच्चों की प्रस्तुति ने बांधा समां

समारोह में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत के साथ प्रस्तुतियां दीं। चित्रा साहू ने कार्यक्रम में शामिल बच्चों और मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छुट्टी के दिन बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने समारोह को और यादगार बना दिया।

चित्रा साहू ने कहा कि शिक्षक का सम्मान शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की भावना का सम्मान है। ऐसे आयोजन शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक ऊर्जा व उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति, बच्चों और सभी सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :