रंगदारी मांगने और मारपीट करने वाले 2 आदतन अपराधी गिरफ्तार : म्युनिसिपल स्कूल के पास की वारदात, कार, बेस बैट और चाकू जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सिटी कोतवाली पुलिस ने अड़ीबाजी (रंगदारी) और मारपीट के मामले में दो शातिर आदतन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया कार (CG-08 BJ-8055), एल्युमिनियम का बेस बैट और एक धारदार चाकू जब्त किया है।

गांधी सभागृह के पास मांगी 5 हजार की रंगदारी:
5 सितंबर की रात 9:30 बजे प्रार्थी अपने दोस्त के साथ म्युनिसिपल स्कूल ग्राउंड स्थित गांधी सभागृह के पास बातचीत कर रहा था। तभी कार से लालबाग निवासी आशीष पांडया, सागर पांडया और यश पांडया पहुंचे। आरोपियों ने प्रार्थी से कहा कि “तू बहुत पैसा कमाता है, हमें हर महीने 5000 रुपये देने होंगे।” मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए बेस बैट से मारपीट की और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया।

घेराबंदी कर पकड़ा, कार व हथियार जब्त:
एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश, एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर पांडया (34 वर्ष) और आशीष पांडया (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। वारदात में शामिल तीसरा आरोपी यश पांडया फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

आशीष पांडया के खिलाफ दर्ज हैं 17 से अधिक केस:
पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी हैं। आशीष पांडया के खिलाफ कोतवाली और बसंतपुर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट, अड़ीबाजी और मारपीट के 17 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं सागर पांडया के खिलाफ भी आबकारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह, सउनि इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान और पेट्रोलिंग स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :