त्यौहारों के मद्देनजर राजनांदगांव पुलिस अलर्ट : डोंगरगढ़ में 150 जवानों ने निकाला कॉम्बिंग गश्त, बदमाशों की हुई चेकिंग

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी, गणेश चतुर्थी एवं अन्य प्रमुख त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए राजनांदगांव पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने और आमजन में सुरक्षा का अहसास कराने के लिए सघन चेकिंग अभियान और गश्त चलाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में 1 सितंबर को डोंगरगढ़ टाउन क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग गश्त का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

गली-मोहल्लों और संवेदनशील इलाकों में पैदल पेट्रोलिंग

अभियान के दौरान पुलिस बल ने डोंगरगढ़ के विभिन्न गली-मोहल्लों, प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और आउटर क्षेत्रों में पैदल एवं वाहनों से पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। इस दौरान डोंगरगढ़ क्षेत्र के सूचीबद्ध निगरानी और गुंडा बदमाशों की भी चेकिंग की गई। पुलिस ने उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए कानून का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की समझाइश दी।

भीड़भाड़ और धार्मिक स्थलों पर तैनात रहेगा बल

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारों के दौरान प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, विसर्जन मार्गों और आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा नाकाबंदी और आकस्मिक चेकिंग को भी प्रभावी बनाया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर है ताकि भ्रामक या सौहार्द बिगाड़ने वाली अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में निकला फ्लैग मार्च

इस व्यापक कॉम्बिंग गश्त में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.), एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरीनंदन नायक, एसडीओपी डोंगरगांव मंजुलता बाज, डीएसपी विंध्यराज, डीएसपी सुमन जायसवाल, आरआई लोकेश कसेर सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और जवान शामिल रहे।

राजनांदगांव पुलिस ने “त्यौहार आपका है, सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए आम नागरिकों से त्यौहारों को शांति, संयम और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :