राजनांदगांव। बारिश के दौरान नालियों से सुचारू पानी निकासी और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने बसंतपुर मेन रोड और जिला चिकित्सालय के पास साहू समाज भवन मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से लगाए गए 7 ठेलों को हटा दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बसंतपुर मेन रोड पर जिला चिकित्सालय के पास नाले के ठीक ऊपर 4 ठेले अवैध रूप से रखे गए थे, जिससे नाले की नियमित सफाई में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही थी। वहीं साहू समाज भवन मार्ग पर काफी समय से 3 बंद ठेले सड़क पर खड़े थे। इसके कारण मार्ग पर न केवल आवागमन बाधित हो रहा था, बल्कि आसपास गंदगी भी फैल रही थी।
जेसीबी और मानव गैंग की मदद से हुई कार्रवाई
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर अतिक्रमण दस्ता, मानव गैंग और जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा और अवैध रूप से काबिज ठेलों को हटाने की कार्रवाई की। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आयुक्त ने की अपील: खुद हटा लें अतिक्रमण, वरना लगेगा जुर्माना
कार्रवाई के बीच निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने नागरिकों और व्यापारियों से शहर को साफ-सुथरा व व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर ठेला, खोमचा या पसरा न लगाएं। सड़क किनारे अतिक्रमण करने से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही नालियों पर कब्जे से बारिश में जलजमाव की स्थिति निर्मित होती है।
आयुक्त ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि जो लोग सड़कों पर मलबे, निर्माण सामग्री या अवैध ठेले खड़े कर गंदगी फैला रहे हैं, वे स्वयं ही इन्हें हटा लें। यदि निगम दस्ते को कार्रवाई करनी पड़ी, तो बिना किसी पूर्व सूचना के सामान जब्त कर संबंधितों से भारी जुर्माना भी वसूला जाएगा।


