राजनांदगांव। शहर की स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने के लिए नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम लगातार प्रयासरत हैं। वे रोजाना सुबह शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। आयुक्त की इस सीधी मौजूदगी और मॉनिटरिंग से सफाई कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे सड़कों पर सफाई का असर साफ नजर आने लगा है।
सड़कों से हटेगी झिल्ली-पन्नी, व्यापारियों को हिदायत
निरीक्षण के दौरान आयुक्त मरकाम ने जी.ई. रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों की दोनों पटरियों पर जमी झिल्ली-पन्नी उठवाई। उन्होंने नागरिकों, होटल संचालकों और ठेला व्यवसायियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने, डस्टबिन रखने और नाली व सड़कों पर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी। उन्होंने अमले को निचली बस्तियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई रखने के निर्देश दिए। वहीं, गौरी नगर अंडरब्रिज के पास जमा बारिश के पानी की निकासी के लिए रेलवे अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने के निर्देश दिए।
सड़कों पर मवेशी पकड़ो अभियान जारी, रेडियम पट्टी से होगी सुरक्षा
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निगम अमला चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर आवारा घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर कांजी हाउस भेज रहा है। सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी और सींगों पर रेडियम टेप चिपकाया जा रहा है ताकि रात के समय हादसों से बचाव हो सके।
कांजी हाउस का लिया जायजा
आयुक्त मरकाम ने कांजी हाउस का भी औचक निरीक्षण कर मवेशियों के दाना-पानी और चारे की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंज मंडी से बचने वाली हरी सब्जियां भी मवेशियों को खिलाई जाएं। साथ ही बीमार मवेशियों का समय पर इलाज और टीकाकरण कराने की हिदायत दी।


