“हमर स्वस्थ लइका” कार्यक्रम को राज्य उत्सव में मिला सम्मान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। जिला प्रशासन मोहला–मानपुर–अंबागढ़ चौकी की पहल हमर स्वस्थ लइका कार्यक्रम को राज्योत्सव 2025 के अवसर पर पोषण एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब द्वारा प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में एबिस ग्रुप से डॉ. पोलमी, यूनिसेफ छत्तीसगढ़ से डॉ. अपर्णा देशपांडे और डॉ. महेंद्र प्रजापति, एम्स रायपुर से श्री जॉन वरुण और श्री विष्णु पाण्डे भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन में योगदान देने वाले जिला पोषण समन्वयक श्री रूपेश चक्रधारी, ब्लॉक पोषण समन्वयक श्री सतीश साहू, सुश्री जसप्रीत कौर सहित महिला एवं बाल विकास विभाग की पूरी टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन के कारण जिले में यह कार्यक्रम बाल पोषण और मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज कर सका। कार्यक्रम के तहत पोषण पुनर्वास, सामुदायिक सहभागिता और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से कुपोषण उन्मूलन में जिले में सशक्त पहल की गई है, जिसे राज्य स्तर पर विशेष सराहना मिली।

जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मिश्रा ने कहा कि यह उपलब्धि जिले की सशक्त टीम भावना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के निष्ठापूर्ण प्रयास, महिला एवं बाल विकास विभाग की समर्पित टीम और सहयोगी संस्थाओं के सतत मार्गदर्शन का परिणाम है। यह सम्मान जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा साबित होगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!