नाबालिग पर चाकू से हमला करने वाला बदमाश चंद घंटे में गिरफ्तार, आरोपी भेजा गया जेल

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत तुमडीबोड़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 17 वर्षीय नाबालिग युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले क्षेत्र के आदतन गुंडा-बदमाश को पुलिस ने घटना के महज कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल चाकू बरामद कर उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में तुमडीबोड़ चौकी पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की। प्रार्थी गोविंद बांधे (निवासी रामनगर, तुमडीबोड़) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अगस्त को उनका 17 वर्षीय पुत्र रामनगर गौठान के पास बैठा था। इसी दौरान क्षेत्र का आदतन बदमाश जिनेन्द्र पाल कोरे (22 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 6 तुमडीबोड़) वहां पहुंचा और नाबालिग को जबरन अपने साथ चलने को कहने लगा।

नाबालिग द्वारा मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के हाथ पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

त्वरित घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर इलाके में नाकेबंदी की और कुछ ही घंटों में आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया गया।

शातिर किस्म का है आरोपी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी जिनेन्द्र पाल कोरे तुमडीबोड़ क्षेत्र की गुंडा सूची में दर्ज आदतन बदमाश है। इसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, चाकूबाजी और चोरी के कई संगीन मामले दर्ज हैं।

आर्म्स एक्ट के तहत भेजा जेल

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 370/2026, धारा 296, 118(1), 351(3) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, प्रधान आरक्षक लोकनाथ वर्मा, जगत राम ठाकुर, आरक्षक चंद्रशेखर यादव, लोकेश साहू सहित तुमडीबोड़ स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!