मानपुर में दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर, 110 दिव्यांगजनों का हुआ परीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में जिला स्तरीय दिव्यांग प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी निर्माण शिविर आयोजित किया। कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं दिव्यांगता का चिकित्सकीय परीक्षण किया। साथ ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूरी की गई।

शिविर में विभिन्न श्रेणियों के 110 दिव्यांगजनों का परीक्षण एवं प्रमाणीकरण किया गया। इनमें मानसिक रोग से संबंधित 8, श्रवण बाधित 11, अस्थि बाधित 67, सिक्ल सेल 2, मूक-बधिर 17 और दृष्टि बाधित 5 दिव्यांगजन शामिल रहे।

एक ही जगह मिली कई सुविधाएं

शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर चिकित्सकीय जांच, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से दिव्यांगजनों को निर्धारित शिविरों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सुविधाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। मानपुर विकासखंड एवं उपखंड मुख्यालय होने के कारण स्थानीय स्तर पर आयोजित इस शिविर से क्षेत्र के दिव्यांगजनों को सुविधा मिली।

अपने दोस्तों को शेयर करें :