खैरागढ़। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं, निर्माण कार्यों, ऑनलाइन पोर्टल की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता वाली योजनाओं को समय पर पूरा करने और लंबित मामलों का निर्धारित अवधि में निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने अहम निर्देश दिए। उन्होंने सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हर महीने आयोजित करने कहा। सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मवेशियों के लिए लगेंगी टीमें, रात में रेडियम से बढ़ेगी दृश्यता
कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीईओ और नगरीय निकायों के सीएमओ को अपने-अपने क्षेत्रों में घुमंतू पशुओं की रोकथाम के लिए टीमों की ड्यूटी लगाने कहा। रात में सड़क पर मौजूद मवेशी वाहन चालकों को दिखाई दें, इसके लिए उनके शरीर पर रेडियम लगाने की कार्रवाई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना में सर्वे जल्द पूरा करें
स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान शेष मैपिंग और सर्वे कार्य को तहसीलवार चिन्हित कर शीघ्र पूरा करने कहा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर दिलाने और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं करने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी भवनों की मांगी जानकारी
बैठक में बैगा पुजारी सम्मान निधि, आंगनबाड़ी केंद्रों समेत अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने स्वीकृत, निर्माणाधीन और मरम्मत योग्य आंगनबाड़ी भवनों की अद्यतन जानकारी तैयार करने कहा।
फार्मर रजिस्ट्री में तेजी लाने के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान पंजीयन की स्थिति देखी गई। कलेक्टर ने फार्मर रजिस्ट्री में शेष किसानों का पंजीयन प्राथमिकता से पूरा कराने कहा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के पात्र किसानों की पंजीयन स्थिति की भी समीक्षा की गई।
राजस्व प्रकरण और शिकायतों का समय पर निराकरण
कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों और ई-डिस्ट्रिक्ट से मिले आवेदनों के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने नागरिकों को निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं उपलब्ध कराने और लंबित आवेदनों की संख्या लगातार कम करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निराकरण करने के साथ नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने कहा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, अपर कलेक्टर सुरेंद्र कुमार ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


