डिजिटल ठगी से बचना है तो सतर्कता जरूरी : संगीत विश्वविद्यालय में एसपी लक्ष्य शर्मा बोले- अनजान लिंक व कॉल से रहें सावधान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-02 स्थित श्री नरेंद्र देव वर्मा प्रेक्षागृह में साइबर अपराधों से बचाव के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, प्रोफेसरों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केसीजी जिला एसपी लक्ष्य शर्मा, विवि के कुलसचिव वेंकटरमन गुडे, डीएसडब्ल्यू डॉ. देवमाइत मिंज और सहायक कुलसचिव विजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया।

एसपी बोले- अलर्ट रहना ही सबसे बड़ा बचाव
मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए एसपी लक्ष्य शर्मा ने छात्रों को साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया क्राइम और ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों से आगाह किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक जितनी सुविधाजनक है, उतनी ही चुनौतीपूर्ण भी है। इसलिए किसी भी अनजान लिंक, मैसेज, फर्जी कॉल या प्रलोभन के झांसे में न आएं। सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगों से बचने का एकमात्र हथियार है।

ऑनलाइन बैंकिंग व ओटीपी शेयर न करने की हिदायत
साइबर सेल के विशेषज्ञ कमलेश ने यूपीआई पेमेंट, सोशल मीडिया सिक्योरिटी, पासवर्ड सेफ्टी और ओटीपी प्राइवेसी पर बात की। उन्होंने बताया कि साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर या साइबर सेल से संपर्क करें।

इस अवसर पर एसडीओपी उषा रानी, एसडीओपी आशीष कुंजाम, साइबर सेल थाना प्रभारी सत्यम सिंह चौहान सहित विवि का स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रबोध कुमार गुप्ता ने किया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :