मानपुर में सावन के आखिरी सोमवार पर कांवड़ियों की धूम, बरसते पानी में गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मानपुर। सावन मास के अंतिम सोमवार पर नगर में आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से जारी मूसलाधार बारिश के बावजूद शिवभक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सैकड़ों कांवड़ियों ने जल भरकर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली, जिससे पूरा नगर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

मिली जानकारी के अनुसार, सुबह 5 बजे मानपुर से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर कोतरी नदी से जल भरकर कांवड़ियों का जत्था पैदल नगर के प्रमुख शिव मंदिर की ओर रवाना हुआ।

बारिश में भी नहीं डिगी भक्तों की आस्था
सावन के अंतिम सोमवार को सुबह से ही झमाझम बारिश होती रही, लेकिन कांवड़ियों का जज़्बा नहीं डिगा। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भगवा वस्त्र धारण कर, कंधों पर कांवड़ सजाए नंगे पैर यात्रा में शामिल हुए। कांवड़ यात्रा मानपुर के शिव लोक से दल्ली रोड स्थित कहगांव कोतरी नदी से जल लेकर इरागांव, जबकसा, तुमड़ीकसा होते हुए मानपुर नगर के शिव लोक पहुंची।

पुष्प वर्षा कर किया गया भव्य स्वागत
यात्रा मार्ग पर जगह-जगह नगरवासियों ने कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की तथा शरबत वितरण कर व पूजा-अर्चना कर उनका आत्मीय स्वागत किया। सुबह 10 बजे कांवड़ियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजकों ने बताया कि यह यात्रा पिछले 8-10 वर्षों से निरंतर निकाली जा रही है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। अंतिम सोमवार को हुए इस आयोजन से संपूर्ण मानपुर क्षेत्र शिवमय नजर आया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :