टाकापारा के लोधीपारा में बिछेगी पाइपलाइन, 12 नए बिजली पोल भी लगेंगे, महापौर ने किया वार्ड-14 का निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। वार्ड क्रमांक 14 टाकापारा के लोधीपारा में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या जल्द दूर होगी। यहां पाइपलाइन बिछाने के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने निगम अधिकारियों को पाइपलाइन विस्तार का काम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही वार्ड की ओर ओवरब्रिज के ढलान पर अंधेरा दूर करने और वार्ड में 12 विद्युत पोल लगाने को कहा।

महापौर यादव ने कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल और पार्षद सतीश मसीह के साथ लोधीपारा का निरीक्षण किया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि गली में पाइपलाइन नहीं होने के कारण पेयजल की समस्या बनी हुई है। इस पर महापौर ने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द पाइपलाइन बिछाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम के दौरान खोदे गए गड्ढों को पाइपलाइन बिछाने के बाद तत्काल समतल किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।

टाकाघर में बाउंड्रीवाल, सीमेंट रोड के भी निर्देश

महापौर ने चर्च से लगे टाकाघर परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए। टाकापारा में सीमेंट रोड बनाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने कहा। उन्होंने चर्च के आसपास साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

ओवरब्रिज ढलान पर भी होगी रोशनी

वार्ड की ओर ओवरब्रिज ढलान पर अंधेरा रहने की समस्या को देखते हुए महापौर ने प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वार्ड में 12 विद्युत पोल लगाने को कहा, ताकि अंधेरे वाले हिस्सों में रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था हो सके।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रणय मेश्राम, प्रभारी सहायक अभियंता सुषमा साहू, उप अभियंता पिंकी खाती और अनूप पांडे सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :