अवैध शराब का परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक और 30 पौवा देशी मदिरा जब्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। क्षेत्र में अवैध शराब तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोंगरगढ़ पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने बाइक पर अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन कर रहे दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा शराब और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

मुखबिर की सूचना पर कुरुभाठ में घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक (थाना प्रभारी) सुमन जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम अवैध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। शनिवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल से मुरमुंदा की ओर से कुरुभाठ की तरफ भारी मात्रा में शराब लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुरुभाठ रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास नाकेबंदी की और संदेहास्पद बाइक को रोककर जांच की।

27 हजार से अधिक की मशरूका जब्त
तलाशी के दौरान बाइक सवार युवकों के पास से 10 पौवा शोले प्लेन शराब और 20 पौवा सुपर 36 मसाला मदिरा (कुल मात्रा 5.400 बल्क लीटर, कीमती ₹2,800) बरामद की गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बाइक (क्रमांक CG 08 BH 3166, कीमती ₹25,000) को भी जब्त कर लिया। कुल जब्त सामग्री की कीमत ₹27,800 आंकी गई है।

आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तारा सिंह जांगड़े (21 वर्ष), निवासी कुरुभाठ और सुखचंद जोशी (20 वर्ष), निवासी मुरमुंदा के रूप में हुई है। डोंगरगढ़ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :