जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में दिखा राष्ट्र ध्वज तिरंगे का गौरवशाली इतिहास

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा नगर पालिक निगम के टाउन हॉल में विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत विभाजन की विभीषिका स्मरण दिवस’ थीम पर आधारित इस प्रदर्शनी में राष्ट्र ध्वज के विकासक्रम तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान की गाथा को चित्रों के माध्यम से जीवंत किया गया।

इतिहास और योजनाओं की मिली जानकारी
नगर निगम अध्यक्ष पारस वर्मा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इसके माध्यम से आमजनों और नई पीढ़ी को वंदे मातरम तथा तिरंगे के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने का बेहतरीन अवसर मिला है। प्रदर्शनी में पहुंचे नागरिकों और स्कूली बच्चों को जनसंपर्क विभाग की मासिक पत्रिका ‘छत्तीसगढ़ जनमन’ तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पुस्तकें नि:शुल्क वितरित की गईं।

150 वर्षों के सफर और ‘कलकत्ता ध्वज’ की झांकी
प्रदर्शनी में वंदे मातरम के 150 वर्षों के इतिहास और 7 नवंबर 1875 को हुई इसकी रचना की यात्रा को दर्शाया गया। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अपनाए गए ‘कलकत्ता ध्वज’ (वंदे मातरम ध्वज) के विभिन्न स्वरूपों को भी प्रदर्शित किया गया। युवाओं और नागरिकों के लिए बनाया गया विशेष सेल्फी जोन भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस अवसर पर पार्षद अरुण साहू, शिव वर्मा, निगम आयुक्त जीआर मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :