राजनांदगांव। राजधानी रायपुर के अंबुजा मॉल में आयोजित ‘मिस्टर एवं मिस ग्लोबल इंडिया’ मॉडलिंग शो में राजनांदगांव के सोमिल जैन ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। सोमिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘ग्लोबल मिस्टर इंडिया’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से संस्कारधानी राजनांदगांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों के बीच आयोजित इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की मेंस कैटेगिरी में लगभग 25 और वूमेन्स कैटेगिरी में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सोमिल जैन ने अपने आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व, रैंप वॉक और मॉडलिंग स्किल्स से निर्णायकों का दिल जीत लिया और प्रथम स्थान हासिल किया।
लगातार दूसरी बड़ी सफलता, मिस्टर दुर्ग भी रह चुके हैं सोमिल
उल्लेखनीय है कि ‘ग्लोबल मिस्टर इंडिया’ बनने से पहले सोमिल जैन ने ‘मिरर फैशन वीक’ में आयोजित ‘मिस्टर दुर्ग’ प्रतियोगिता में भी पहला स्थान प्राप्त कर मिस्टर दुर्ग का ताज अपने नाम किया था। लगातार दो बड़ी मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा को साबित किया है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने का लक्ष्य
अपनी इस उपलब्धि पर सोमिल जैन ने सफलता का श्रेय अपने परिवारजनों, मार्गदर्शकों और शुभचिंतकों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि ये दोनों उपलब्धियां उन्हें मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उनका भावी लक्ष्य राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजनांदगांव और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करना है। सोमिल की इस सफलता पर परिजनों, मित्रों और शहरवासियों ने उन्हें बधाई देकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

