डॉ. रमन सिंह ने किया सम्मानित, जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र सोनी के उत्कृष्ट कार्य की सराहना

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव: स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र सोनी एवं महापौर सचिव सम्मानित…

राजनांदगांव। जिले में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अपूर्व उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन शौर्य परेड मैदान, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय राजनांदगांव में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ।

समारोह में डॉ. रमन सिंह ने अपने उद्बोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं देश के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सभी से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में नगर पालिक निगम राजनांदगांव के महापौर सचिव एवं जनसंपर्क अधिकारी देवेंद्र सोनी को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

देवेंद्र सोनी द्वारा सुशासन तिहार एवं हर घर तिरंगा अभियान सहित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। उनके उत्कृष्ट कार्य और सक्रिय भूमिका को देखते हुए मुख्य समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उन्हें सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :