राजनांदगांव। जिला हॉकी संघ (डीएचए) राजनांदगांव की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हो गई है। संघ की आमसभा 2 अगस्त को आयोजित होगी। आवश्यकता पड़ने पर इसी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए मतदान कराया जाएगा और मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता गुणेंद्र साव को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 30 जुलाई को छत्तीसगढ़ हॉकी कार्यालय (म्युनिसिपल स्कूल परिसर) में नामांकन पत्र वितरण, नामांकन दाखिल और उनकी जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 31 जुलाई को नाम वापसी होगी, जबकि 1 अगस्त को अंतिम प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने सभी पात्र सदस्य इकाइयों एवं मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्वाचन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से गठित नई कार्यकारिणी जिले में हॉकी के विकास, खिलाड़ियों के हितों की रक्षा तथा खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए सक्रियता से कार्य करेगी।
संघ ने सभी सदस्यों से निर्वाचन कार्यक्रम का पालन करते हुए शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

