धारदार चाकू लेकर दहशत फैला रहा युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर में असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने एक कार्रवाई की है। पुलिस ने आम लोगों के बीच दहशत फैलाने की नीयत से घूम रहे 19 वर्षीय युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राहुल नगर (लखोली) निवासी नूतन नेताम (19 वर्ष) पिता देवकुमार नेताम किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से चाकू लेकर घूम रहा है और आम नागरिकों में दहशत फैला रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा।

पूर्व में भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 399/26 धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नूतन नेताम के खिलाफ पूर्व में भी थाना कोतवाली में धारा 294, 323, 506 भादवि (अपराध क्र. 857/23) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, सहायक उप निरीक्षक गणेश चौहान, आरक्षक श्रीनिवास राव और प्रियांश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :