कंचनबाग में निर्माण व सफाई का महापौर ने लिया जायजा : समय सीमा में कार्य पूर्ण करने और मानसून में सतर्कता बरतने के निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के वार्ड क्रमांक 30 कंचनबाग की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए महापौर मधुसूदन यादव सोमवार सुबह मैदान में उतरे। उन्होंने वार्ड पार्षद चंद्रशेखर लश्करे के साथ क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर जारी निर्माण कार्यों और सफाई व्यवस्था का धरातली निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

मौसमी बीमारियों से बचाव पर जोर, नालियों की सफाई के निर्देश

बारिश के मौसम में पनपने वाली बीमारियों को देखते हुए महापौर ने स्वास्थ्य अमले को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नालियों की समुचित सफाई की जाए और जहां पानी जमा हो रहा है, वहां कच्ची नाली खोदकर निकासी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए नियमित दवा छिड़काव के निर्देश दिए।

महापौर ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने अपील की कि घरों में ही सूखा व गीला कचरा अलग-अलग रखकर स्वच्छता दीदियों को दें, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव हो सके।

अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन और उद्यान का होगा जीर्णोद्धार

निरीक्षण के दौरान महापौर ने कंचनबाग में निर्माणाधीन अन्नपूर्णा सामुदायिक भवन का जायजा लिया। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों से कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए, ताकि समय पर भवन तैयार होकर जनता को समर्पित किया जा सके।

क्षेत्र की महिलाओं की मांग पर महापौर ने अधिकारियों को वार्ड के पुराने सामुदायिक भवन और उद्यान की मरम्मत के लिए तत्काल एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे जल्द से जल्द इनका जीर्णोद्धार कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, उप अभियंता श्रीमती रितु श्रीवास्तव सहित नगर निगम का तकनीकी व स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :