राजनांदगांव। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ शाखा, राजनांदगांव की जिला परिषद एवं जिला कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को जिला स्काउट-गाइड भवन, स्टेट स्कूल परिसर में आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन तथा वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित जिला वार्षिक कार्यक्रम का अनुमोदन किया गया। साथ ही संगठन की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला स्तरीय तृतीय सोपान निपुण जांच के आयोजन पर चर्चा करते हुए जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में डोंगरगढ़ विकासखंड में इसका आयोजन करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा गाजमर्रा (डोंगरगढ़) में प्रस्तावित जिला एडवेंचर एवं प्रशिक्षण स्थल के संबंध में आगामी कार्रवाई करने तथा मुसरा स्थित रिक्त पुराने शाला भवन को जिला प्रशिक्षण केंद्र के रूप में उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजने पर भी सहमति बनी।
बैठक में संगठन के विस्तार, प्रशिक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ करने तथा जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राज्य उपाध्यक्ष राजेन्द्र गोलछा, जिला अध्यक्ष उमेश हथेल, जिला मुख्य आयुक्त महेश खंडेलवाल, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट प्रवास कुमार सिंह बघेल, जिला सचिव देवेंद्र अम्बादे, जिला संगठन आयुक्त स्काउट मयूख श्रीवास्तव, जिला संगठन आयुक्त गाइड भारती रजक, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट मुन्नालाल साहू, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड राखी रामटेके सहित जिला परिषद एवं कार्यकारिणी के पदाधिकारी और विभिन्न विकासखंडों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

