निजी स्कूलों तक पहुंचा एचपीवी टीकाकरण अभियान, जिले में 4010 किशोरियों को लगा सुरक्षा कवच

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से किशोरियों की सुरक्षा के लिए जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अब यह अभियान निजी स्कूलों तक भी पहुंच गया है, जहां 102 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। जिले में अब तक कुल 4010 किशोरी बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष तक की बालिकाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल सहित अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक नि:शुल्क दी जा रही है। अब तक हुए टीकाकरण के दौरान किसी भी किशोरी में प्रतिकूल प्रभाव सामने नहीं आया है।

उन्होंने बताया कि टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिससे लाभार्थियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है और डिजिटल प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड किया जा सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और चिकित्सकों के अनुसार सही आयु में लगाई गई एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी मानी जाती है।

डॉ. नवरतन ने बताया कि अभियान के तहत शासकीय एवं निजी हाई स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए उन्हें निकटतम शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी वैक्सीन अवश्य लगवाएं। वैक्सीन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!