खरीफ की तैयारी में जुटे किसान, जिले में खाद-बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। खरीफ सीजन को लेकर जिले में खेती-किसानी की तैयारियां तेज हो गई हैं। किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए सहकारी समितियों के माध्यम से लगातार वितरण किया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता है।

खरीफ 2026 के लिए जिले में 68 हजार 960 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध अब तक 54 हजार 393 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है। इसमें सरकारी क्षेत्र में 39 हजार 88 मीट्रिक टन और निजी क्षेत्र में 15 हजार 304 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण शामिल है।

भंडारित खाद में से किसानों को अब तक कुल 43 हजार 28 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। इसमें सहकारी समितियों के माध्यम से 31 हजार 352 मीट्रिक टन तथा निजी क्षेत्र से 11 हजार 676 मीट्रिक टन खाद किसानों तक पहुंचाई गई है।

समितियों में 7736 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध
कृषि विभाग के अनुसार वर्तमान में सहकारी समितियों में 7736 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। इसमें यूरिया 3768 मीट्रिक टन, डीएपी 436 मीट्रिक टन, एनपीके 1126 मीट्रिक टन, सिंगल सुपर फास्फेट 1274 मीट्रिक टन और पोटाश 1130 मीट्रिक टन शामिल है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी 3628 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है।

11544 क्विंटल बीज का वितरण
धान सहित दलहन और तिलहन फसलों के लिए खरीफ 2026 में जिले में 14 हजार 331 क्विंटल बीज की मांग का आंकलन किया गया है। इसके विरुद्ध सहकारी समितियों में अब तक 14 हजार 288 क्विंटल बीज का भंडारण किया जा चुका है।

किसानों द्वारा लगातार बीज का उठाव किया जा रहा है। अब तक 11 हजार 544 क्विंटल बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खरीफ फसलों की बुआई के लिए आवश्यक खाद एवं बीज का समय पर उठाव करें। साथ ही संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त करने की सलाह दी गई है। विभाग ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए भी प्रेरित किया है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :