बिरसा मुंडा जयंती पर खीर-पूरी बांटकर दिया सामाजिक समरसता का संदेश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को शहीद वीर नारायण सिंह चौक में खीर-पूरी वितरण एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने सहभागिता निभाई। इस दौरान राहगीरों एवं नागरिकों को खीर-पूरी वितरित कर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विचारों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के साहस, सामाजिक चेतना और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। आयोजकों ने राहगीरों को प्रसाद वितरण के साथ उनके जीवन, संघर्ष और विचारों से संबंधित संदेश एवं साहित्य भी उपलब्ध कराया।

यह आयोजन अजजा शासकीय सेवक संघ, सर्व आदिवासी समाज, सर्व अनुसूचित जाति समाज एवं सर्व ओबीसी समाज, राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

*आदिवासी अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं बिरसा मुंडा*

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आंदोलन तक सीमित नहीं था, बल्कि वह आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान, संस्कृति, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को अन्याय, शोषण और असमानता के विरुद्ध संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं।

आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे, संवैधानिक चेतना और बहुजन एकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके विचारों, संघर्षों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के अंत में आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही भविष्य में भी सामाजिक एकता और जनजागरण से जुड़े आयोजन करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर लेखराम मात्रा, रोमसिंह मंडलोई, प्रहलाद ठाकुर, पुरंदन लाल उइके, एम.डी. वाले, कपूरचंद डोंगरे, बी.एन. धनगुन, रघुनंदन नेताम, गोकुल नेताम, रायसिंह कोटपरिया, भूषण भुआर्य, देव सिंह अमेला सहित सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!