15 साल से अटका था जमीन का नामांतरण, जनदर्शन में पहुंचते ही हुआ समाधान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जनदर्शन आम लोगों की समस्याओं के समाधान का माध्यम बन रहा है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ निवासी श्रीमती नंदा झरिया की करीब 15 वर्षों से लंबित भूमि नामांतरण की समस्या का निराकरण किया गया है। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए कृषि भूमि का नामांतरण उनके नाम दर्ज कर दिया।

श्रीमती नंदा झरिया ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उन्होंने वर्ष 2011 में ग्राम अछोली में कृषि भूमि खरीदी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से भूमि का नामांतरण उनके नाम पर नहीं हो पाया था। डोंगरगढ़ क्षेत्र में प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना के चलते भूमि अंतरण पर रोक होने के कारण यह प्रकरण लंबे समय से लंबित था।

आवेदन को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच में भूमि क्रय संबंधी दस्तावेज सही पाए गए। इसके बाद आवश्यक अनुमति लेकर नामांतरण की प्रक्रिया पूरी की गई और भूमि का रिकॉर्ड श्रीमती नंदा झरिया के नाम दर्ज कर दिया गया।

लंबे इंतजार के बाद मिली राहत
नामांतरण होने के बाद श्रीमती नंदा झरिया ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों से लंबित समस्या के समाधान से उन्हें बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित निराकरण संभव हो सका।

जिला प्रशासन ने बताया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की नियमित समीक्षा की जा रही है और पात्र मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :