सुशासन तिहार : रेवाडीह में उमड़ी भीड़, पानी-सड़क से जुड़ी समस्याओं के लिए आए 190 आवेदन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रदेश सरकार के ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत नगर निगम क्षेत्र में लगाए जा रहे जन समस्या निवारण शिविरों को शहरवासियों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। बुनियादी सुविधाओं की मांग और शिकायतों को लेकर लोग भारी उत्साह के साथ इन शिविरों में पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में आज रेवाडीह मैदान में वार्ड नंबर 21 के लिए विशेष शिविर लगाया गया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे वार्डवासियों ने अपनी समस्याओं से जुड़े कुल 190 आवेदन सौंपे। इनमें विकास कार्यों व विभिन्न मांगों के 165 और शिकायतों के 25 आवेदन शामिल हैं, जिन्हें निगम ने जल्द से जल्द निपटाने का दावा किया है।

शिविर में पहुंचे महापौर मधुसूदन यादव ने विभिन्न विभागों के स्टालों का जायजा लिया और लोगों की तकलीफें सुनीं। उन्होंने कहा कि वार्ड में पेयजल संकट को दूर करने के लिए इंटर-कनेक्शन, बोर में पंप सुधार और नई पानी टंकी लगाने की सबसे ज्यादा मांग आई है। इसके अलावा सड़क, नाली और भवन निर्माण के प्रस्ताव भी मिले हैं। पानी से जुड़े काम तुरंत किए जाएंगे और निर्माण कार्यों को उनकी प्राथमिकता तय कर पूरा किया जाएगा। महापौर ने तपती धूप में मुस्तैदी से काम कर रहे अधिकारी-कर्मचारियों की पीठ भी थपथपाई।

एक ही छत के नीचे निपटे कई काम
ईमानदार करदाताओं का सम्मान: शिविर में नगर निगम की एक अनूठी पहल देखने को मिली। समय पर संपत्तिकर और अपने बकाये का भुगतान करने वाले सजग नागरिकों को मंच पर सम्मानित किया गया।

सेहत की जांच: स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग के डॉक्टरों की टीम ने शिविर में आए सैकड़ों लोगों का मुफ्त हेल्थ चेकअप कर दवाइयां बांटीं।

नशा मुक्ति का संकल्प: राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में महापौर ने सभी को नशा छोड़ने और नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा बनने की शपथ दिलाई।

खुशियों की रस्म: महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल पर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा की गई, साथ ही नवजात बच्चों को पहली बार अन्न (अन्नप्राशन) खिलाया गया।

कल लखोली स्कूल मैदान में महाशिविर, 7 वार्डों की सुनी जाएगी समस्या
अगर आप वार्ड नंबर 30, 31, 32, 33, 34, 35 या 36 के निवासी हैं, तो अपनी समस्याओं का आवेदन तैयार रखें। सुशासन तिहार के तहत अगला बड़ा शिविर 28 मई (गुरुवार) को लखोली स्कूल मैदान में आयोजित होने जा रहा है। यहां जिला प्रशासन और निगम के सभी बड़े अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे।

शिविर में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की प्रभारी सदस्य श्रीमती बीना ध्रुव, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव सहित जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :