राजनांदगांव। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। सर्वेक्षण टीम के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बुधवार को निगम सभागृह में नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की सफाई व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी एवं स्वास्थ्य अमले को वार्डों में साफ-सफाई दुरुस्त रखने, एसएलआरएम सेंटरों और सार्वजनिक शौचालयों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में आयुक्त ने उप अभियंताओं से कहा कि वे अपने-अपने प्रभारित वार्डों में स्वच्छता सर्वेक्षण के मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। सार्वजनिक शौचालयों में एग्जॉस्ट फैन, सेनेटरी मशीन, डस्टबिन, आईना, हैंडवॉश, पेपर नैपकिन, बाल्टी-मग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला, पुरुष, बच्चों एवं दिव्यांगों के लिए अलग-अलग संकेतक स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।
उन्होंने एसएलआरएम सेंटरों में रंगरोगन, सूची लेखन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बाजार एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाने, तालाबों, उद्यानों और चौक-चौराहों की नियमित सफाई कराने तथा नालियों-नालों में जाली लगाने पर भी जोर दिया गया।
आयुक्त ने स्वास्थ्य अमले से कहा कि गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण में तेजी लाई जाए और कचरे का नियमित निष्पादन किया जाए। स्वच्छता दीदियों को घर-घर जाकर लोगों को कचरा अलग-अलग देने के लिए जागरूक करने तथा नागरिकों से स्वच्छता संबंधी फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वार्ड प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन वार्डों की मॉनिटरिंग करें और नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने, झिल्ली-पन्नी का उपयोग नहीं करने तथा खुले में कचरा नहीं फेंकने के लिए प्रेरित करें। खाली भूखंडों में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के समन्वयक को तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता संदेश लिखवाने तथा मोटर प्रभारी को कचरा संग्रहण वाहनों की मरम्मत कर उनमें स्वच्छता संबंधी गीत बजाने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने कहा कि पिछले वर्ष स्वच्छता सर्वेक्षण में सामने आई कमियों को दूर करते हुए सभी अधिकारी टीम भावना से कार्य करें, तभी शहर को बेहतर रैंकिंग मिल सकेगी। बैठक में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, प्रभारी सहायक अभियंता गरिमा वर्मा, सुषमा साहू, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी राजेश मिश्रा सहित सभी नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

