डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के विरुद्ध पुलिस प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को चौकी मोहारा पुलिस और जिला पुलिस की ‘स्पेशल टीम’ ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए ग्राम ढारा में दबिश दी और अवैध शराब बेचते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र के शराब कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है।
घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम ढारा के मोहारा क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। इस दौरान ग्राम ढारा निवासी राजेन्द्र वर्मा (40 वर्ष) पिता घनश्याम वर्मा को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई।
30 पौवा देशी शराब जब्त
आरोपी के पास से पुलिस ने 15 पौवा ‘शोले’ देशी प्लेन शराब और 15 पौवा ‘रोमियो’ देशी प्लेन शराब बरामद की है। कुल 30 पौवा शराब (5.400 बल्क लीटर) के साथ ही शराब बिक्री की नगद राशि 300 रुपये भी जब्त की गई है। जब्त की गई शराब की कुल कीमत करीब 2400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
स्पेशल टीम ने दिखाया दम
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध कारोबार के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। इसी कड़ी में कोचियों पर नकेल कसने के लिए एक ‘स्पेशल टीम’ का गठन किया गया है। यह पूरी कार्यवाही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, सीएसपी वैशाली जैन, डीएसपी केशरीनंदन नायक और इंस्पेक्टर विनय पम्मार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न की गई।

