डोंगरगांव. जिले में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए चल रहे विशेष योग अभियान के तहत कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने सोमवार सुबह डोंगरगांव विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमड़ीबोड़ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ योगाभ्यास किया और नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर ने गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर जोर देते हुए लू से बचाव, पर्याप्त पानी पीना, हल्का और पौष्टिक आहार और रोज योग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम एक घंटा स्वास्थ्य गतिविधियों के लिए निकालना चाहिए। योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है।
स्वास्थ्य केंद्र स्टाफ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
ग्रामीणों की शिकायतों के बाद कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कर्मचारियों को नियमित समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और 15 दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
योग प्रशिक्षण में ग्रामीणों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
योग प्रशिक्षक द्वारा मंडूकासन, वृक्षासन, भुजंगासन और प्राणायाम कराया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य 30 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों को मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अन्य गैर-संचारी रोगों से बचाव और नियंत्रण के प्रति जागरूक करना है।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बीपी और शुगर की जांच भी की गई और आयुष चिकित्सकों ने संतुलित आहार व जीवनशैली सुधार के संबंध में परामर्श दिया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनआर नवरतन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, अस्पताल सलाहकार श्री विकास राठौर और अन्य स्वास्थ्य विभाग अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

