नगर निगम की सामान्य सभा में सर्वसम्मति से पारित हुए सभी सात विषय

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम की सामान्य सभा की बैठक आज सुबह 11 बजे नगर निगम के सभागृह में शुरू हुई। बैठक में कुल सात विषयों पर चर्चा हुई और सभी को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत और राजगीत के साथ हुई। इसके बाद एक घंटे का प्रश्नकाल आयोजित किया गया। प्रश्नकाल के बाद विषयों पर क्रमबद्ध चर्चा हुई और निर्णय लिए गए।

बैठक में सबसे पहले लोक सेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन की स्वीकृति और जाति प्रमाण पत्र बनवाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। साथ ही, वार्ड नंबर 14 स्थित रानी अवंती बाई लोधी प्रतिमा स्थल के चौक का नामकरण “अवंती बाई चौक” रखने का निर्णय भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।

विषय क्रमांक 4 में निगम क्षेत्र में जीर्ण-शीर्ण भवनों को तोड़कर व्यावसायिक परिसर निर्माण करने का प्रस्ताव रखा गया। इसमें पुत्री शाला भवन, गुडाखू लाईन आयुर्वेदिक औषधालय, पुराना बस स्टैंड, वार्ड 29 रामनगर के जर्जर भवन, टाउन हॉल परिसर और कस्तुरबा महिला मंडल रोड की क्षतिग्रस्त दुकानें शामिल थीं। सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किए गए।

इसके अलावा दर स्वीकृति से संबंधित तीन विषय भी पारित किए गए। इसमें शामिल थे – मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 2000 सीटर ऑडिटोरियम निर्माण, गंज चौक से कन्हारपुरी स्थल तक सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य और नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण।

महापौर मधुसूदन यादव ने सदस्यों द्वारा चर्चा के बाद सभी निर्णयों की पुष्टि की। बैठक का संचालन निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिं पारस वर्मा, वरिष्ठ सभापति श्रीमती खेमीन यादव और कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल ने सफलतापूर्वक किया।

बैठक में नव नियुक्त विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल का स्वागत महापौर, नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले और आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने पुष्पगुच्छ देकर किया।

बैठक के अंत में राष्ट्रगान के पश्चात पार्षदों के दिवंगत परिजनों – पार्षद कमलेश बंधे के स्वर्गवासी भाई अमित बंधे और रवि सिन्हा के स्वर्गवासी पुत्र प्रियश सिन्हा – के लिए दो मिनट की मौन श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में सांसद प्रतिनिधि देवशरण सेन, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और पत्रकार भी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :