कोलकाता/रायपुर। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के निर्णायक मोड़ पर पहुँचते ही भाजपा का प्रचार अभियान अब ‘विजय अभियान’ में बदल चुका है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने पुरुलिया जिले के मानबाजार विधानसभा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछले दो महीनों से मोर्चा संभाल रखा है। क्षेत्र के माहौल और जनता के जबरदस्त प्रतिसाद को देखते हुए श्री शर्मा ने यह उद्घोष किया है कि इस बार बंगाल में विकास का कमल खिलना तय है।
श्री नीलू शर्मा ने मानबाजार विधानसभा के ग्रामीण इलाकों और पुरुलिया के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोग स्वतः स्फूर्त होकर भाजपा के साथ जुड़ रहे हैं, उससे यह साफ है कि इन क्षेत्रों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत होने वाली है। श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि मानबाजार की जनता ने इस बार परिवर्तन की पटकथा लिख दी है।
संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए श्री नीलू शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुरुलिया जिले के प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ तैनात हैं। उन्होंने कहा, “हमने जमीनी स्तर पर संगठन को इतना अभेद्य बना दिया है कि विपक्ष के लिए यहाँ टिक पाना मुमकिन नहीं है। ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ का हमारा संकल्प मानबाजार और आसपास की सीटों पर पूरी तरह फलीभूत हो रहा है।”
जनसंपर्क के दौरान श्री शर्मा ने केंद्र की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर पहुँचाया। उन्होंने स्थानीय जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि ममता बेनर्जी की सरकार के दमनकारी शासन का अंत अब निकट है। जनता ने यह मन बना लिया है कि वे भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण को उखाड़ फेंककर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासवाद और ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को चुनेंगे।
परिवर्तन अब निश्चित है
श्री नीलू शर्मा के नेतृत्व में पुरुलिया के कोने-कोने में ‘जय श्री राम’ और ‘परिवर्तन’ के नारों की गूँज है। उन्होंने विश्वास जताया कि 23 अप्रैल को होने वाले मतदान में मानबाजार और पुरुलिया सहित पूरे बंगाल में भारी मतदान होगा, जो राज्य में सुशासन और पारदर्शिता वाली भाजपा सरकार का मार्ग प्रशस्त करेगा।

