डोंगरगढ़। खालसा पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 के छात्र के साथ मारपीट करने वाली इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह (45) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना डोंगरगढ़ में मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई 2025 को छात्र सार्थक सहारे अपनी कक्षा में एस.एस.टी. की पुस्तक निकालने में देरी कर रहा था। क्लास टीचर नम्रता साहू ने इस पर नाराजगी जताई और इंचार्ज शिक्षिका प्रियंका सिंह को बुलाया। दोनों शिक्षिकाओं ने छात्र के कानों पर हाथ से मारपीट की, जिससे छात्र की सुनने की शक्ति स्थायी रूप से प्रभावित हो गई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 574/2025 के तहत धारा 117(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धारा 117(3) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में मामले की जांच की गई। 11 अप्रैल 2026 को प्रियंका सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
वहीं, क्लास टीचर नम्रता साहू अब तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

