राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आवास योजना की कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन की पहल मोर मकान मोर आस के तहत आज नगर निगम सभागृह में 21 पात्र हितग्राहियों को लाटरी के माध्यम से आवास का आबंटन किया गया। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक कुल 257 परिवारों को स्वयं का घर मिल चुका है।
नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा और महापौर श्री मधुसूदन यादव के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सी.एल. माकंडे, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य श्री शैकी बग्गा व श्री आलोक श्रोती, प्र. सहायक अभियंता सुश्री सुषमा साहू, सहायक लेखा अधिकारी श्री राकेश नंदे, राजस्व अधिकारी श्री राजेश तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
लाटरी के जरिए मोहारा में निर्माणाधीन 870 आवास में 15 और रेवाडीह में 258 अपूर्ण आवास में 6 पात्र हितग्राहियों को आवंटित किया गया। पूर्व में 236 पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ मिल चुका है।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने आवास प्राप्त करने वाले परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना वर्षो से किराये के मकान में रहने वाले परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि हितग्राहियों को 15 दिन के भीतर प्रावधिक आवास आबंटन पत्र प्रदान किया जाएगा। जो लोग इस लाटरी में शामिल नहीं हो पाए, उनके लिए राशि जमा कराने के बाद पुनः लाटरी कर आवास आबंटन किया जाएगा।
महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य श्री शैकी बग्गा व श्री आलोक श्रोती ने कहा कि योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सोच “प्रत्येक व्यक्ति के सर पर पक्की छत” को साकार करने में सहायक है। उन्होंने कहा कि स्वयं के नाम से आवास मिलने से महिलाओं और परिवारों को सशक्तिकरण और आत्मविश्वास मिलता है।
इस अवसर पर योजना के अधिकारियों और हितग्राहियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नगर निगम की इस पहल की सराहना की।

