मोहला/मानपुर। जिला पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत माओवादियों के हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने राजनांदगांव रेंज के आईजी बालाजी राय के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष सर्चिंग अभियान चलाया।
सूचना मिलने पर जिला पुलिस, डीआरजी एवं आईटीबीपी फोर्स थाना कोडेकुरसे और मदनवाड़ा के कलवर जंगल में छुपाए गए हथियारों की खोज में गई। करीब 4-5 घंटे की सघन तलाशी के बाद टेकरी पर नाले के किनारे कटे पेड़ के नीचे काले पालिथीन में लिपटा एक बड़ा बंडल बरामद हुआ। सावधानीपूर्वक जांचने पर उसमें दो ऑटोमेटिक हथियार मैगजीन सहित मिले।
बरामद हथियारों का विवरण:
AK-47 मय मैगजीन (26 राउंड)
INSAS सेमी ऑटोमेटिक राइफल मय मैगजीन (20 राउंड)
पुलिस ने कहा कि दोनों हथियार पूरी तरह लदी हुई स्थिति में थे और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मोहला मानपुर-अम्बागढ़ चौकी में माओवादियों की सक्रियता वर्ष 1985 के आसपास शुरू हुई थी। बस्तर क्षेत्र से सटे होने के कारण यह इलाका उनके लिए रणनीतिक आधार रहा है। जिला पुलिस लगातार नक्सली नेटवर्क को ध्वस्त करने के प्रयासों में लगी हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि 31 मार्च तक पूरे जिले को नक्सल मुक्त बनाने के अभियान में लगातार प्रयास जारी रहेंगे।

