डोंगरगढ़। चैत्र नवरात्र की पंचमी के पावन अवसर पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने डोंगरगढ़ स्थित ऐतिहासिक मां बम्लेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की कामना की। जोगी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के साथ जिला उपाध्यक्ष जाहिर खान, निलेश चौहान, ईश्वर उपाध्याय, अजीत जोगी युवा मोर्चा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसूल आलम मुख्य रूप से डोंगरगढ़ पहुंचे।
श्री जोगी के आगमन पर आगमन पर पार्टी के प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रवेश द्वार पर भव्य स्वागत किया। पटाखों और फूल-मालाओं के साथ हुए इस स्वागत से श्री जोगी भावुक हो उठे। इसके पश्चात वे जयघोष के बीच पैदल चलते हुए रोप-वे तक पहुंचे और मां के दरबार में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर श्री जोगी ने कहा कि मां बम्लेश्वरी मंदिर का उनके जीवन में विशेष महत्व रहा है। स्वर्गीय अजीत जोगी ने वर्ष 1997 में पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण हेतु अपनी ऐतिहासिक छत्तीसगढ़ यात्रा की शुरुआत यहीं से की थी। माता के आशीर्वाद से ही वर्ष 2001 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश का ऐतिहासिक महिला सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें श्रीमती सोनिया गांधी ने अध्यक्षता की थी। इसी दौरान मितानिन योजना की शुरुआत हुई, जो आगे चलकर पूरे देश में आशा कार्यकर्ता व्यवस्था का आधार बनी।
मंदिर परिसर में सैकड़ों शुभचिंतकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। दर्शन उपरांत उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर ट्रस्ट द्वारा गरीबों एवं रोगियों की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री जोगी ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा से मुकाबले के लिए विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी के विलय का प्रस्ताव एक वर्ष पूर्व ही कांग्रेस हाईकमान को सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक इस पर कांग्रेस पार्टी ने कोई निर्णय नहीं लिया है।
साय सरकार को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 26 महीनों मोदी की तीन गारंटियों को पूरा किया है, जिसमें शराब बिक्री, अडानी की एंट्री और अफीम की खेती जैसे मुद्दों पर सवाल भी उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ योजनाओं के माध्यम से केवल चुनिंदा लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
श्री जोगी ने कहा कि सरकार एक ओर शराबबंदी की बात करती है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश को शराब और नशे की ओर धकेला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी महत्वपूर्ण विधेयक को लाने से पहले व्यापक चर्चा और परामर्श होना चाहिए, लेकिन वर्तमान में बिना पर्याप्त विचार-विमर्श के बिल प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
अंत में अमित जोगी ने प्रदेशवासियों को पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बिलाल सोलिन खान, अनिरुद्ध वर्मा, आशिक खान, उमेश निर्मलकर, राहुल निर्मलके, मनोज कुर्रे आदि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

