राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पदयात्री मार्ग और विभिन्न सेवा पंडालों का निरीक्षण किया।
अपर कलेक्टर ने सेवा पंडालों में विश्राम कर रहे पदयात्रियों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली और सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, साफ-सफाई और विद्युत की समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। मार्ग में आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
चैत्र नवरात्रि के अवसर पर अंजोरा से डोंगरगढ़ तक पदयात्री मार्ग में कई स्थानों पर सेवा पंडाल लगाए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को विश्राम, चाय-नाश्ता, भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
पदयात्री श्री जितेन्द्र चंदेल (दुर्ग) ने बताया कि वे पिछले 10-12 वर्षों से परिवार के साथ पैदल यात्रा कर माता के दर्शन के लिए आते हैं। उन्होंने सेवा पंडालों में उपलब्ध विश्राम, भोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना की। पैरों में छाले होने पर उन्हें तुरंत मलहम-पट्टी की सुविधा भी मिली। इसी तरह रायपुर के श्री आदर्श कन्नौजे ने कहा कि वे हर वर्ष अपने साथियों के साथ डोंगरगढ़ पैदल यात्रा करते हैं।
ग्राम पंचायत सुकुलदैहान में स्थापित सेवा पंडाल में यात्रियों के लिए विश्राम, भोजन और उपचार की उत्तम व्यवस्था की गई है। जिले में समाजसेवी और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ ग्राम पंचायतें भी सेवा पंडालों के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा कर रही हैं।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर अभिषेक तिवारी, जनपद पंचायत राजनांदगांव के सीईओ मनीष साहू, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सीईओ भगवती साहू और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

