सूनसान मकान में चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। थाना बसंतपुर क्षेत्र के चौखडियापारा में सूनसान मकान में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना राजनांदगांव और थाना बसंतपुर की संयुक्त कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 5.72 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
मामले में प्रार्थी वतन सिंग राजपूत ने थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 मार्च को परिवार के साथ मोहला जाने के दौरान उनके घर में रखे सोने के आभूषण, मोबाइल और अन्य समान चोरी हो गए। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 110/26 के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी शंकर उर्फ बण्ठा रजक (26), निखिल ढीमर उर्फ निक्कु (20), आलोक भोजपुरी (21) और सुरेश ढीमर उर्फ सुरजू (54) को हिरासत में लिया। सभी आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी शंकर के पास से 14 ग्राम का सोने का हार (1,57,500 रुपये), निखिल के पास से 7.95 ग्राम का झुमका (89,436 रुपये) और सुरेश के कब्जे से 28.95 ग्राम का मंगलसूत्र (5,72,604 रुपये) बरामद किया।
थाना प्रभारी एमन साहू और साइबर थाना प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उप निरीक्षक देवादास भारती, मेनका साहू, दीपक जायसवाल सहित अन्य आरक्षक और टीम के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों को विधिवत् गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में पेश किया।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शंकर उर्फ बण्ठा आदतन बदमाश है और उसके खिलाफ थाना बसंतपुर में मारपीट और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :