श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें : संभागायुक्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ में 19 मार्च से प्रारंभ हो रहे चैत्र नवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों के संबंध में छिरपानी परिसर डोंगरगढ़ में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव सोमावार, कलेक्टर जितेन्द्र यादव तथा पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त राठौर ने कहा कि चैत्र नवरात्रि के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पदयात्री दर्शन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करें। पुलिस महानिरीक्षक बालाजी राव सोमावार ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं आयोजन समिति के समन्वय से नवरात्रि मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने निगरानी, सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि चैत्र नवरात्रि मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, इसलिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय तथा यातायात की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे तथा मंदिर परिसर, सीढ़ियों एवं मेला स्थल पर नियमित साफ-सफाई की जाए। उन्होंने बताया कि ऊपर मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है तथा दर्शन की व्यवस्था को सरल और सुगम बनाने के लिए योजना तैयार की गई है। कलेक्टर ने कहा कि मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। पार्किंग में निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने पर संबंधित के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के निर्देश देते हुए किसी भी दुकान में प्लास्टिक थैली के उपयोग पर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि ऊपर एवं नीचे मंदिर में डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टॉफ आवश्यक दवाइयों के साथ तैनात रहेंगे। इसके अतिरिक्त जिले के 48 निजी चिकित्सालय भी नवरात्रि के दौरान चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। मेले की व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। उन्होंने रोपवे के फिटनेस सर्टिफिकेट, बैरिकेडिंग तथा यातायात व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में आने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर, मेला स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे क्षेत्र की सतत निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्विक रिस्पांस टीम भी तैनात रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी। उन्होंने पदयात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक, रेडियम एवं अस्थायी गति अवरोधक लगाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पालिक परिषद डोंगरगढ़ के अध्यक्ष रमन डोंगरे, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीएम डोंगरगढ़ एम भार्गव, एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक, माँ बम्लेश्वरी ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनील गट्टानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ट्रस्ट के पदाधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :