एनएचएम कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात, लंबित मांगों के शीघ्र समाधान का दिया भरोसा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके विधानसभा कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की।

संघ के नेताओं ने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं और मोदी सरकार की गारंटी के अनुरूप कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है और उनकी सभी जायज मांगों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

ज्ञात हो कि एनएचएम कर्मचारियों ने अनुकंपा नियुक्ति, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, स्थानांतरण नीति, नई मानव संसाधन नीति और नियमित भर्ती में अनुभव अंक सहित कुल 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 33 दिन तक आंदोलन किया था। यह आंदोलन सरकार के आश्वासन के बाद समाप्त हुआ था।

प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी, संघ के प्रवक्ता एवं बेमेतरा जिलाध्यक्ष पुरन दास, प्रदेश सलाहकार दिनेश खर्कवाल, दुर्ग जिलाध्यक्ष डॉ. आलोक शर्मा, मोहला मानपुर जिलाध्यक्ष संतोष चंदेल, गरियाबंद जिलाध्यक्ष अमृत राव भोसले सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :