राजनांदगांव। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से आज राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के नेतृत्व में यह मार्च शहर के प्रमुख चौकों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा।
फ्लैग मार्च पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, आजाद चौक, भारत माता चौक और गंज चौक होते हुए समाप्त हुआ। लगभग 300 पुलिस अधिकारी और जवानों ने इस मार्च में भाग लिया, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और असामाजिक तत्वों में कानून का डर पैदा करना था।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि होली के त्योहार पर शांति बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके तहत शहर में 100 से अधिक फिक्स प्वाइंट्स स्थापित किए जाएंगे, जबकि 50 से ज्यादा पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त करती रहेंगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और ड्रोन कैमरों के माध्यम से शहर की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सादी वर्दी में भी पुलिस बल और महिला पुलिस टीम तैनात रहेंगी।
राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली को भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। जबरन रंग लगाने और अभद्र व्यवहार से बचें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट न करें। यातायात नियमों का पालन करेंए जैसे हेलमेट पहनना और सीट बेल्ट का उपयोग करना। शराब पीकर वाहन न चलाएं और तेज गति से गाड़ी न चलाएं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि होली पर्व खुशियों का प्रतीक है, इसे शांति और अनुशासन के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
राजनांदगांव पुलिस ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की है।

