थाना बसंतपुर पुलिस की संवेदनशील पहल : 4 साल से सामाजिक बहिष्कार झेल रहे परिवार को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना बसंतपुर पुलिस ने मोहारा वार्ड में 4 वर्षों से सामाजिक बहिष्कार झेल रहे परिवार को समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल कराने में सफलता हासिल की।
मोहारा वार्ड नंबर 47 की आवेदिका ने वरिष्ठ कार्यालय में आवेदन देते हुए बताया कि उसने 11 अक्टूबर 2021 को अन्य जाति के युवक से विवाह किया था। विवाह के बाद वह अपने पति एवं संयुक्त परिवार के साथ निवासरत थी। लेकिन मोहारा क्षेत्र के कुम्हार समाज ने विवाह के कारण आवेदिका एवं उसके ससुराल पक्ष को पिछले लगभग 4 वर्षों से सामाजिक कार्यक्रमों और गतिविधियों से अलग रखा और बार-बार अपमानित किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ने त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में आवेदिका पक्ष, कुम्हार समाज के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को थाना बसंतपुर में आमंत्रित किया गया। दोनों पक्षों के बीच विस्तार से चर्चा करवाई गई।
समाज के प्रमुख व्यक्तियों को सामाजिक बहिष्कार के दुष्परिणाम और विधिक पहलुओं की जानकारी दी गई। पुलिस की समझाइश और मध्यस्थता के प्रयासों के परिणामस्वरूप सहमति बनी कि भविष्य में सभी सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में परस्पर सहयोग व सहभागिता रहेगी, और परिवार को समाज में पूर्ण सम्मान के साथ शामिल किया जाएगा।
लगभग चार वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान पुलिस की उपस्थिति में सौहार्दपूर्ण माहौल में मिठाई खिलाकर संपन्न हुआ।
समाज के प्रतिनिधियों और आवेदिका परिवार ने इस मानवीय पहल के लिए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, उप निरीक्षक देवादास भारती और थाना बसंतपुर स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया।
यह पहल पुलिस की संवेदनशील और मध्यस्थ भूमिका का उदाहरण मानी जा रही है, जिसने सामाजिक सौहार्द और मानवता को प्राथमिकता दी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :