सीईओ जिला पंचायत ने पीएम आवास योजना के निर्माणाधीन आवासों का किया निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तेंदूनाला, आसरा और बोदेला में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को समय-सीमा में पूरा करने के लिए तेजी लाने के निर्देश दिए और अप्रारंभ आवासों के निर्माण को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया।

सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक और आवास नोडल को अपूर्ण आवासों का निरीक्षण करने और निर्माण में आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अभिशरण के माध्यम से जारी किए जा रहे 90 मानव दिवस की स्थिति पर ग्राम पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

सुश्री सुरूचि सिंह ने आवास निर्माण में रुचि नहीं लेने वाले और राशि का दुरुपयोग करने वाले हितग्राहियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने आवास निर्माण की निरंतर समीक्षा करने और लापरवाही करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रकरण प्रेषित करने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत डोंगरगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रोशनी भगत टोप्पो, जिला समन्वयक श्री प्रशांत साहू, विकासखंड समन्वयक तथा ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!