कलेक्टर ने फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर एमडीए अभियान का किया शुभारंभ

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। जिले में फाइलेरिया उन्मूलन के तहत 10 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक चलने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का शुभारंभ कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने किया। कलेक्टर ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर इस महत्वपूर्ण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को अभियान के दौरान दवाओं का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और समन्वय के साथ सक्रिय रूप से काम करने की अपील की।

कलेक्टर ने आमजन से भी आग्रह किया कि वे फाइलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा वितरित की जाने वाली दवाओं का सेवन करें।

एमडीए अभियान से फाइलेरिया की रोकथाम में मिलेगी मदद

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सह जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि यह अभियान जिलेभर में चलाया जाएगा और इसके तहत दी जाने वाली दवाएं पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी हैं। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुशंसित इन दवाओं से फाइलेरिया का संक्रमण रोका जा सकता है, जो एक दीर्घकालिक और विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी है।

दवा के सेवन के बाद आ सकते हैं हल्के लक्षण

उन्होंने यह भी बताया कि कभी-कभी दवा के सेवन के बाद हल्का बुखार, सिरदर्द, मतली, थकान या बेचौनी जैसे लक्षण उत्पन्न हो सकते हैं, जो सामान्यत: कुछ समय में ठीक हो जाते हैं। ये लक्षण दवा के प्रभाव और शरीर में मौजूद माइक्रोफाइलेरिया के नष्ट होने के कारण होते हैं, इसलिए घबराने की आवश्यकता नहीं है।

ब्लॉक स्तर से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक की शुरुआत

दवा का वितरण जिले के सभी विकासखंडों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों पर भी किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने दवा का सेवन कर इस अभियान की शुरुआत की और आमजन को फाइलेरिया रोधी दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।

सकारात्मक बदलाव की उम्मीद

एमडीए अभियान की सफलता से जिले में फाइलेरिया की समस्या में भारी कमी आ सकती है, जिससे न केवल स्वास्थ्य लाभ मिलेगा बल्कि विकलांगता के मामलों में भी कमी आएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :